24 दिसंबर को ट्विटर पर उठेगी छात्रवृत्ति की आवाज, #ReleaseScholarship होगा ट्रेंड

रांची, 22 दिसंबर : झारखंड में छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर बढ़ती नाराजगी अब डिजिटल आंदोलन का रूप लेने जा रही है। छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने 24 दिसंबर को राज्यव्यापी ट्विटर अभियान चलाने की घोषणा की है। इस दौरान #ReleaseScholarship हैशटैग के माध्यम से सरकार पर छात्रवृत्ति शीघ्र जारी करने का दबाव बनाया जाएगा।
छात्र अधिकार पदयात्रा के बाद संगठन ने अब ऑनलाइन मंच को संघर्ष का माध्यम बनाया है। अभियान की तैयारी को लेकर हाल ही में गूगल मीट के जरिए बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलों के लिए तकनीकी प्रभारी, जिला समन्वयक और मीडिया प्रभारी नियुक्त किए गए। संगठन के कार्यकर्ता विद्यालयों, महाविद्यालयों, पुस्तकालयों और विभिन्न कोचिंग संस्थानों में जाकर छात्रों को अभियान से जोड़ रहे हैं।
साईनाथ यूनिवर्सिटी, रांची में छात्रों को संबोधित करते हुए संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच राजनीतिक खींचतान का सीधा असर झारखंड के छात्रों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए और इंडिया गठबंधन की राजनीतिक रणनीतियों में छात्रवृत्ति जैसे संवेदनशील मुद्दे को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे हजारों छात्र प्रभावित हो रहे हैं।
देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि 24 दिसंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से छात्र अपनी एकजुट आवाज बुलंद करेंगे और छात्रवृत्ति जारी करने की मांग को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस डिजिटल अभियान को लेकर छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों में भी उत्साह देखा जा रहा है। संगठन का दावा है कि यह ट्विटर अभियान छात्र हितों की लड़ाई को नई मजबूती देगा और सरकार को ठोस निर्णय लेने के लिए विवश करेगा।



