महिला अपराध नियंत्रण, रोकथाम और सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

महिला अपराध नियंत्रण, रोकथाम और सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित

सरायकेला, 22 नवंबर : महिला थाना प्रभारी एसआई कुमारी तिलोत्मा के नेतृत्व में शनिवार को उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, कोलबिरा में महिला अपराध नियंत्रण, रोकथाम एवं सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। सरायकेला खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देशानुसार आयोजित अभियान के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान प्रमुख रूप से महिला अपराध की पहचान एवं रोकथाम, पॉक्सो एक्ट से जुड़े कानून और प्रावधान, महिला सुरक्षा एवं त्वरित सहायता उपाय, अफीम एवं गांजा की अवैध खेती पर पुलिस की रोकथाम नीति, नशा मुक्ति के लिए जागरूकता, आपातकालीन सेवा डायल 112 का उपयोग, साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु टोल-फ्री नंबर 1930 की जानकारी, बाल विवाह निषेध से संबंधित कानूनी पहलू, महिलाओं के लिए बने विभिन्न कानूनी अधिकार और सुरक्षा प्रावधान आदि की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ कानून के प्रति संवेदनशील और सतर्क रहने का संदेश दिया गया। अभियान में एएसआई नंदिता बिरुआ, आरक्षी कृपा भेंगरा व अनुराधा शामिल थीं। महिला थाना द्वारा ऐसे जागरूकता अभियान समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज में सुरक्षा भावना बढ़े और लोग कानूनी रूप से सशक्त बन सकें।

Share This Article