मोहर्रम पर्व को लेकर कपाली पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 25 जून : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कपाली ओपी पुलिस द्वारा गुरुवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च की शुरुआत कपाली के मिलन चौक से हुई, जो टीओपी चौक, गौसनगर होते हुए रामु होटल चौक तक पहुंचा। इस दौरान क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल ने पैदल मार्च कर आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

फ्लैग मार्च में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने, कानून का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन ने कहा कि मोहर्रम आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि मोहर्रम पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने या हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article