डायरिया प्रभावित कुड़ियासाई टोला पहुंचे उपायुक्त, पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा
सरायकेला/खरसावां, 14 अगस्त : जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को खरसावां प्रखंड के रीडिंग पंचायत स्थित डायरिया प्रभावित कुड़ियासाई टोला का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने हर घर नल जल योजना, शौचालय निर्माण, जल मीनार एवं अन्य पेयजल स्रोतों की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि टोला के समीप बनी जल मीनार खराब है और महतो रीडिंग विद्यालय से टोला तक की सड़क जर्जर होने से एम्बुलेंस व वाहनों की आवाजाही में कठिनाई हो रही है। इस पर उपायुक्त ने जल मीनार को जल्द दुरुस्त करने, दोषी संवेदक पर एफआईआर दर्ज करने, शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने और जलापूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए। साथ ही, पीसीसी सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी कहा।
उन्होंने प्रभावित गांव के प्रत्येक घर में स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाएं, ओआरएस पाउडर एवं अन्य चिकित्सीय सामग्री वितरित करने के निर्देश दिए। 24×7 चिकित्सा दल और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा पहुंच सके।




