श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां पूरी, बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का ऑडिशन

Manbhum Updates
2 Min Read

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां पूरी, बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का ऑडिशन

जमशेदपुर, 14 अगस्त : सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर समिति की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार शाम बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के ऑडिशन से होगा। प्रतियोगिता के लिए सैकड़ों बच्चों ने फॉर्म भरे हैं, जिनमें से प्रस्तुति के आधार पर शीर्ष 25 प्रतिभागियों का चयन फाइनल के लिए किया जाएगा।

फाइनल मुकाबला 16 अगस्त को शाम 5 बजे बिरसा मुंडा टाउन हॉल में होगा, जहां बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के ऑडिशन 15 अगस्त को होंगे।

समिति के संयोजक कमलेश सिंह ने बताया कि 14 से 16 अगस्त तक सूर्यधाम में जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान सूर्य मंदिर परिसर में विशेष पूजन, हवन, धार्मिक अनुष्ठान, फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से साज-सज्जा की जाएगी। मध्यरात्रि में बाल गोपाल के जन्मोत्सव का आयोजन भजन-कीर्तन के साथ किया जाएगा।

महोत्सव में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहेंगे। बुधवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक में कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता प्रभारी गुंजन यादव, महासचिव अखिलेश चौधरी, बोलटू सरकार, शैलेश गुप्ता, प्रमोद मिश्रा, रूबी झा, कंचन दत्ता, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता प्रभारी दिनेश कुमार, शशिकांत सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, बंटी अग्रवाल और अन्य सदस्य मौजूद थे।

समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Share This Article