सरायकेला में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के तहत साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित – महिलाओं और किशोरियों को साइबर क्राइम से बचाव की दी गई जानकारी

सरायकेला, 15 जुलाई : जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को समाहरणालय सभागार में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत साइबर क्राइम से बचाव एवं सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्य ठाकुर ने की।
कार्यशाला में साइबर सेल ऑफिसर दानिस इकबाल ने प्रतिभागियों को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, सोशल मीडिया पर बढ़ते खतरों, निजी जानकारी की सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से कैसे बचें, साइबर हेल्पलाइन नंबर जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में महिलाओं और किशोरियों के लिए साइबर जागरूकता बेहद जरूरी है।
प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक उपाय भी बताए गए ताकि वे न केवल खुद सुरक्षित रह सकें, बल्कि अपने आस-पास के लोगों को भी इस दिशा में जागरूक कर सकें।
सत्य ठाकुर ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बालिकाओं को डिजिटल माध्यमों में सुरक्षित रहने की जानकारी देना है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या उत्पीड़न से खुद को बचा सकें।
इस अवसर पर सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक, समर संस्था के क्षेत्रीय प्रबंधक, JSLPS के ब्लॉक परियोजना प्रबंधक, शिक्षा विभाग के कर्मी तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में सहभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी और समयानुकूल बताया। अंत में सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े ब्रोशर भी वितरित किए गए।



