स्व. राजकिशोर महतो के श्राद्धकर्म पर वृद्ध, विधवा व जरुरतमंदों के बीच किया वस्त्र वितरण

कुकड़ू, 11 मार्च : झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो के पिता एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के श्वसुर स्वर्गीय राजकिशोर महतो को उनके श्राद्ध कर्म के अंतिम दिन भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के वृद्ध, विधवा एवं जरूरतमंद महिलाओं को भोजन कराया गया तथा नए वस्त्रों का वितरण किया गया।
उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय राजकिशोर महतो के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। ज्ञात हो कि राजकिशोर महतो का निधन 26 फरवरी 2026 को हो गया था। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी। सामाजिक विकास के अलावा झारखंड आंदोलन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा था। उन्होंने अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ दिया है।
श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक व स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंतिम दिन झारखंड आंदोलनकारी परिवार की ओर से समाज सेवा के तहत क्षेत्र के बुजुर्गों, विधवा माताओं एवं जरूरतमंद महिलाओं को भोजन कराया गया तथा नए वस्त्र वितरित किए गए।



