अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर कई बार घूमी कार, एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी
चांडिल, 07 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांदरबेड़ा और रामगढ़ के बीच स्थित हाथी कॉरिडोर ओवरब्रिज पर रविवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद कार की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार में सवार पांच युवक बाल-बाल बच गए। हादसे में उन्हें हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के सिदगोड़ा इलाके के रहने वाले पांच युवक कार से पारडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाथी कॉरिडोर ओवरब्रिज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर काफी देर तक गोल-गोल घूमती रही। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया कि टक्कर के दौरान कार में लगे सभी एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार युवकों को गंभीर चोटें नहीं आईं। एयरबैग के कारण पांचों युवकों की जान बच गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की पहचान को लेकर जांच कर रही है।



