बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में 15 नवंबर तक प्रतिमा स्थापना की मांग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में 15 नवंबर तक प्रतिमा स्थापना की मांग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

सरायकेला, 29 सितंबर : वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान के तहत समीक्षा बैठक आयोजित कर आंदोलन के दौरान उठाए गए मुद्दों और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सरायकेला स्थित वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि आगामी 15 नवंबर 2026, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्टेडियम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए। इसके साथ ही स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थायी रूप से “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला” नाम अंकित करने की मांग की गई है।

प्रतिनिधिमंडल ने नृपराज राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, सरायकेला के सामने स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा उद्यान के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी “धरती आबा बिरसा मुंडा उद्यान” नाम स्पष्ट और स्थायी रूप से अंकित कराने की मांग रखी।

सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्व में स्टेडियम परिसर में पद्म विभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। इसके बाद आदिवासी एवं मूलवासी समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने “वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान” के बैनर तले आंदोलन किया था। प्रतिनिधियों के अनुसार, आंदोलन का उद्देश्य किसी महापुरुष के सम्मान का विरोध करना नहीं, बल्कि भगवान बिरसा मुंडा के नाम से स्थापित स्टेडियम की पहचान और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखना था।

प्रतिनिधियों ने बताया कि संबंधित निर्णय वापस लेने की घोषणा के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया था। अब स्टेडियम परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग जिला प्रशासन के समक्ष रखी गई है।

15 नवंबर तक प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प

बैठक में प्रतिनिधियों ने 15 नवंबर 2026 तक स्टेडियम परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित समय तक प्रतिमा स्थापित नहीं कराई जाती है, तो समाज के लोग आपसी सहयोग से चंदा एकत्र कर प्रतिमा की व्यवस्था और स्थापना की पहल करेंगे।

प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर से पहले आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया, ताकि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर स्टेडियम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जा सके।

समीक्षा बैठक और ज्ञापन सौंपने के दौरान मान सिंह मुंडा, सावन सोय, सावित्री कुदादा, दिवाकर सरदार, एमपी सरदार, विष्णु बनरा, गणेश गागराई, रंजीत सरदार, जगदीश सरदार, सनत सरदार, वीर सिंह सिजुई, साधु हो, सुखराम सोय, झारखंड बोदरा, रवि सरदार, चुनमुन सरदार, कार्तिक सरदार, सुखनाथ लोहरा, अंजान सामाड, राजेश हेंब्रम, कृष्ण हेंब्रम, सोमनाथ सरदार, बासुदेव सरदार, संजय मांझी, फातु सरदार, संगीता हेंब्रम, जेमा मुडरी, विश्वनाथ, तुराम सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article