शास्त्री नगर में गोलियों की गड़गड़ाहट, कुख्यात तौकीर उर्फ गोरा की हत्या — जमशेदपुर में फिर भड़का गैंगवार

जमशेदपुर, 21 नवंबर : देर रात कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर रोड नंबर 2 में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। तेज फायरिंग की आवाज़ों ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। स्थानीय लोग जब तक समझ पाते, तब तक मर्दाना गैंग से जुड़े अपराधी तौकीर उर्फ गोरा सड़क पर लहूलुहान गिर चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तौकीर मस्जिद के पास खड़ा था तभी हमलावरों ने पहले उस पर धारदार हथियार से वार किया। तौकीर सँभल पाता, इससे पहले हमलावरों ने लगातार कई गोलियां दाग दीं। उसे चार गोलियां लगीं। आसपास के लोग और परिजन तुरंत उसे टीएमएच लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तौकीर उर्फ गोरा पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कुछ ही दिन पहले जेल से बाहर आया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। आसपास के लोगों ने बताया कि तेज आवाज़ें सुनकर उन्हें लगा जैसे पटाखे फूट रहे हों, लेकिन बाहर निकले तो सड़क पर अफरातफरी मची थी।
सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। प्रारंभिक जांच में इसे गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस हत्यारों की पहचान और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।
फिलहाल शास्त्री नगर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।



