जिला समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर उपायुक्त का जोर

सरायकेला, 21 नवंबर : समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता गुरुवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को समय-सीमा में योजनाओं को पूर्ण करने, नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करने तथा लाभुकों को बिना मध्यस्थता सीधे लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व कार्यों में अनावश्यक विलंब रोकने, उप-स्वास्थ्य केंद्र निर्माण हेतु भूमि से जुड़े प्रतिवेदन शीघ्र भेजने तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों के जन्म प्रमाणपत्र निर्गत करने और बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया, ताकि छात्रवृत्ति सहित अन्य लाभ समय पर मिल सकें।
कृषि विभाग को मिट्टी परीक्षण, बीज वितरण और किसान समृद्धि योजना के लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। भूमि संरक्षण विभाग को तालाब निर्माण/जीर्णोद्धार तथा डीप बोरिंग से जुड़े लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया गया।
श्रम विभाग को सभी निर्माण स्थलों पर सूचना-बैनर लगाने तथा 10 से अधिक श्रमिक या 10 लाख से अधिक लागत वाली योजनाओं का अनिवार्य रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने को कहा गया। महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण केंद्र शीघ्र शुरू करने का भी निर्देश दिया गया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें शीघ्र जोड़ने पर बल दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी उपस्थित थे।



