सिरुम में बनेगा कुकड़ू प्रखंड का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने किया शिलान्यास

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुकड़ू, 26 मई : कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के सिरुम में लंबे इंतजार के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई। मंगलवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस दौरान सिरुम में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा सिंदूरपुर, सपादा तथा ईचागढ़ प्रखंड के सितु में बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। जानकारी के अनुसार सिरुम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा, जबकि सिंदूरपुर, सपादा और सितु में बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर करीब 55-55 लाख रुपये खर्च होंगे।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड गठन के बाद अब तक यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन उपलब्ध नहीं थी। फिलहाल तिरुलडीह उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन में ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन हो रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र बनने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना जिला परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में कुकड़ू प्रखंड की प्रमुख प्रतिमा वाला पातर के अलावा झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो, कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

Share This Article