सरायकेला, 26 मई : सरायकेला खरसावां जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देशानुसार टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलाए गए जांच के दौरान लौह अयस्क लदे दो वाहन JH05DL1151 एवं NL01AF5867 को जप्त किया गया। दोनों वाहनों के चालकों द्वारा वैध परिवहन संबंधी कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को विधिसम्मत कार्रवाई हेतु सुरक्षार्थ चौका थाना में सुपुर्द किया गया। मामले में खनन कार्यालय द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 मई की मध्यरात्रि में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा तथा चौका थाना प्रभारी सोनु कुमार के संयुक्त नेतृत्व में चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-33) पर औचक वाहन जांच अभियान संचालित किया गया।
इसके बाद मंगलवार तड़के सुबह जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक एवं ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो के संयुक्त नेतृत्व में ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में अवैध बालू खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। बताया गया कि निरीक्षण के दौरान तत्काल अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं पाई गई, तथापि संबंधित मौजा के विभिन्न जीआर स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 22,500 घनफीट बालू खनिज को विधिवत जप्त कर सुरक्षार्थ थाना को सुपुर्द किया गया।
जप्त बालू खनिज की ई-नीलामी की कार्रवाई यथाशीघ्र की जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी स्तर पर अवैध खनन, भंडारण और परिवहन की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की सघन जांच एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।