पुलिस ने निभाया सामाजिक दायित्व, सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को किया जागरूक

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

 

चांडिल, 26 मई : सरायकेला-खरसावां जिला के तिरूलडीह थाना की पुलिस द्वारा मंगलवार को थाना क्षेत्र अंतर्गत शहीद चौक में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आम लोगों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।

पुलिस ने अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए लोगों के बीच हेलमेट का वितरण भी किया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण साधन है।

इस जागरूकता अभियान को लेकर स्थानीय लोगों ने तिरूलडीह थाना पुलिस की सराहना की तथा कहा कि इस प्रकार के अभियान से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

Share This Article