क्षेत्र में विकास को गति देने के उद्देश्य से मेयर व पूर्व मंत्री ने किया टाटा स्टील प्रबंध निदेशक से मुलाकात

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

क्षेत्र में विकास को गति देने के उद्देश्य से मेयर व पूर्व मंत्री ने किया टाटा स्टील प्रबंध निदेशक से मुलाकात

जमशेदपुर, 25 मई : मानगो नगर निगम क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। मानगो की मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने Tata Steel के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में स्मार्ट एवं सुरक्षित मानगो बनाने को लेकर कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सुरक्षित मानगो अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे एवं आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। वहीं मानगो चौक से डिमना चौक तक नाली निर्माण एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके। इसके अलावा पृथ्वी पार्क एवं नेचर पार्क का सौंदर्यीकरण कर वहां ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे।
डिमना चौक के आगे प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्माण में भी टाटा स्टील सहयोग करेगा, जिससे छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा। एमजीएम अस्पताल के समीप खाली भूमि पर पार्क निर्माण, मानगो छोटा पुल की मरम्मत तथा एमजीएम चौक से गोकुलनगर एवं डिमना के तटीय क्षेत्रों में सड़क, नाली और सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर भी सहमति बनी।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि टाटा स्टील का सहयोग मानगो को आधुनिक एवं व्यवस्थित शहर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा, जबकि बन्ना गुप्ता ने इसे जनहित और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Share This Article