समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा

सरायकेला, 12 दिसंबर : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा बैठक उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आंगनबाड़ी सेवाओं, पोषण कार्यक्रमों, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना तथा कंबल वितरण कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के रिक्त पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया से नियुक्ति की जाए तथा पोषण से वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें त्वरित लाभ से जोड़ा जाए। किशोरी समृद्धि योजना, कन्यादान योजना और मातृत्व वंदना योजना में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार आवेदन संग्रह, सत्यापन और स्वीकृति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने लंबित आवेदनों के प्राथमिकता आधारित निस्तारण तथा किसी भी पात्र लाभुक को लाभ से वंचित न रखने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, पोषण ट्रैकर ऐप में अद्यतन, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और दस्तावेज़ निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं स्पॉन्सरशिप योजना में त्वरित स्वीकृति तथा कंबल वितरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी CDPO, महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article