मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत उपायुक्त ने तीन ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों का वितरण किया

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत उपायुक्त ने तीन ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों का वितरण किया

सरायकेला, 12 दिसंबर : जिला समाहरणालय परिसर में मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत चयनित महिला एवं LAMPS समितियों को तीन ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों का वितरण उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा किया गया। लाभान्वित समितियों में शिवानी आजीविका सखी मंडल (नीमडीह), मां संतोषी महिला समिति (राजनगर) तथा लाकडी LAMPS (नीमडीह) शामिल रहीं। ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर उपायुक्त ने आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग, तकनीकी खेती के महत्व और आय वृद्धि से जुड़े पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

उपायुक्त ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर कृषि कार्यों को अधिक उत्पादनक्षम, समय-कुशल और लागत-प्रभावी बनाना है। उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रैक्टरों का उपयोग भूमि सुधार, फसल विविधीकरण, सिंचाई क्षमता बढ़ाने और मिट्टी संरक्षण कार्यों में प्राथमिकता से किया जाए, जिससे अधिकाधिक किसान लाभान्वित हों। उन्होंने मशीनरी के नियमित रखरखाव और संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने समिति सदस्यों एवं किसानों से संवाद कर तकनीकी खेती, उत्पादन क्षमता और मौसमी चुनौतियों पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समिति सदस्यों से आग्रह किया कि वे अन्य किसानों को भी विभिन्न किसान-हितकारी योजनाओं से जोड़कर आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दें। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article