प्रेम-झगड़े ने ली खतरनाक मोड़ : प्रेमी से अनबन के बाद युवती ने स्वर्णरेखा नदी में लगाई छलांग, तलाशी अभियान जारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

प्रेम-झगड़े ने ली खतरनाक मोड़ : प्रेमी से अनबन के बाद युवती ने स्वर्णरेखा नदी में लगाई छलांग, तलाशी अभियान जारी

manbhum logo final

जमशेदपुर, 1 अगस्त : एक बार फिर रिश्तों में दरार ने एक ज़िंदगी को अनिश्चितता की ओर धकेल दिया। जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में प्रेमी से विवाद के बाद एक युवती ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। यह घटना दोमुहानी पुल पर घटी, जिसने स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन को चौंका दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान सुमित्रा प्रमाणिक के रूप में हुई है, जो मूलतः बारीडीह की रहने वाली है और इन दिनों बिष्टुपुर स्थित एक पीजी में रहकर एक निजी मॉल में काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि सुमित्रा अपनी एक सहेली के साथ दोमुहानी पुल पर घूमने आई थी, तभी अचानक उसने नदी में कूदने का कदम उठा लिया।

सूत्रों के अनुसार, सुमित्रा का अपने बॉयफ्रेंड के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में थी। यही तनाव इस दुखद निर्णय की वजह बना बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में खोजबीन शुरू कर दी। गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवती का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

बारिश के चलते स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और धारा की रफ्तार भी काफी तेज है, जिससे खोज कार्य में अतिरिक्त चुनौती आ रही है। प्रशासन का मानना है कि बहाव के चलते शव काफी दूरी तक बह सकता है, इसलिए सर्च ऑपरेशन को नदी के कई किलोमीटर हिस्से तक फैलाया गया है।

फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन मिलकर युवती की तलाश में जुटे हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि प्यार में समझदारी और भावनात्मक संतुलन कितना आवश्यक है।

Share This Article