
सरायकेला और खरसावां विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की जांच, लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन और पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश
सरायकेला, 19 नवंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कोल्हान आयुक्त-सह-रोल ऑब्जर्वर रवि रंजन कुमार विक्रम ने सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 51-सरायकेला एवं 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की सुपर चेकिंग की तथा कई मामलों का स्थलीय सत्यापन किया।
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने नो मैपिंग श्रेणी में शामिल मतदाताओं और फॉर्म-6 के माध्यम से नए पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले नागरिकों के घर पहुंचकर उनसे सीधे संवाद किया। उन्होंने नो मैपिंग की श्रेणी में नाम शामिल होने के कारणों, पूर्ववर्ती मतदाता विवरण और मैपिंग की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही, उपलब्ध दस्तावेजों एवं संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया।
वहीं, नए मतदाताओं से बातचीत कर उनके आवेदन एवं पंजीकरण संबंधी जानकारियों का सत्यापन किया। इस दौरान युवा एवं नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदान के महत्व और निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया गया। चुनावी पाठशाला के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।
सुपर चेकिंग के दौरान आयुक्त ने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि नो मैपिंग श्रेणी के प्रत्येक मतदाता से संपर्क स्थापित कर उसका कारण जानें और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार सत्यापन करें। जिन मामलों में मतदाताओं से संपर्क या दस्तावेजों का सत्यापन लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नो मैपिंग, फॉर्म-6 सहित सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही अपात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने देने तथा सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर आम नागरिकों से भी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की गई। आयुक्त ने कहा कि जिन नागरिकों को सत्यापन अथवा नोटिस से संबंधित सूचना प्राप्त हुई है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने बीएलओ को सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। वहीं, नए एवं युवा पात्र मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।
मौके पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित संबंधित एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



