राजनगर में लौह अयस्क लदे ट्रेलरों की भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक ने तोड़ा दम

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

राजनगर में लौह अयस्क लदे ट्रेलरों की भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक ने तोड़ा दम

राजनगर, 15 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। डीवीसी के समीप आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में लौह अयस्क से लदे दो ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि एक ट्रेलर चालक वाहन के केबिन में फंस गया और अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग छह बजे एक ट्रेलर लौह अयस्क लेकर जमशेदपुर से चाईबासा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे आयरन लदे ट्रेलर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह चकनाचूर हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एक चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला जा सका। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान ओडिशा के क्योंझर जिले के घटगांव थाना क्षेत्र स्थित अर्जुनबिला गांव निवासी चक्रधर गिरी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक भी घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वह उपचार के लिए किसी अन्य वाहन से चाईबासा चला गया।

हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतक का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर में रखा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा जाएगा।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Share This Article