कपाली जाहिर स्थान में हुई ग्राम पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
चांडिल, 02 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद अंतर्गत कपाली बस्ती स्थित जाहिर स्थान में मंगलवार को पारंपरिक ग्राम पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। बांग्ला पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार को आयोजित होने वाली ग्राम पूजा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालु शामिल हुए।
परंपरा के अनुसार ग्राम पूजा का अनुष्ठान लाया (पुजारी) वंश के लोग ही संपन्न कराते हैं। पूजा के दौरान मिट्टी के घोड़ा बनाकर उनकी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। साथ ही परंपरा के अनुसार बकरा और मुर्गा की बलि भी दी जाती है।
ग्रामीणों का मानना है कि इस पूजा के आयोजन से गांव को रोग-बीमारियों और अन्य संकटों से सुरक्षा मिलती है तथा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने गांव की खुशहाली, बेहतर स्वास्थ्य और समृद्ध भविष्य की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान जाहिर स्थान में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। ग्रामीणों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और धार्मिक आस्था को कायम रखते हुए इस महत्वपूर्ण अनुष्ठान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।