क्या सरकारी बाबुओं के लिए झारखंड में है अलग नियम – कानून? पोटका बीडीओ के सरकारी वाहन में नौ साल से रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं
जमशेदपुर, 27 जुलाई : पोटका प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की सरकारी वाहन (टाटा सूमो) पिछले नौ साल से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के सड़कों पर दौड़ रही है। हालांकि, इस मामले पर जिला परिवहन अधिकारी ने जांच का आदेश दिया है। वहीं, भाजपा और आजसू ने इस मामले में सवाल खड़े करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि हर गाड़ी में रजिस्ट्रेशन नंबर होना अनिवार्य है। बीडीओ की गाड़ी में रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं है तो यह नियम-विरुद्ध है। हम उन्हें नोटिस करेंगे और पेनल्टी के साथ उन्हें रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि नियम सबके लिए समान रूप से लागू होने चाहिए। यह गंभीर चिंता का विषय है, इसलिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार को संज्ञान लेकर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले कई सालों से बिना नंबर वाले वाहन में तेल कैसे भरा जा रहा था, इसकी जांच होनी चाहिए।
आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि यह गंभीर सवाल है। इस पर जिला प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही गाड़ी में बिना नंबर प्लेट के पिछले कई सालों से तेल किस मद से और कहां से भरा जा रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए।