पटमदा – बोड़ाम की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपायुक्त से समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन – त्वरित कार्रवाई का मिला आश्वासन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पटमदा – बोड़ाम की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपायुक्त से समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन – त्वरित कार्रवाई का मिला आश्वासन

जमशेदपुर, 07 जुलाई : पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो एवं प्रबोध कुमार महतो ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी गई। वहीं, विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग लेकर अलग अलग सात ज्ञापन सौंपा है।

समस्याओं के समाधान को लेकर उपायुक्त की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला है।

सौंपे गए ज्ञापनों में अधिग्रहित रैयती भूमि का मुआवजा, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, मलेरिया नियंत्रण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता की जांच तथा मोबाइल नेटवर्क की समस्या जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे उठाए गए।

मुख्यमंत्री के नाम दिए गए एक ज्ञापन में बोंटा, सातनाला से माधवपुर एवं भुईयासिनान से सुसनी सड़क निर्माण में उपयोग की गई रैयती भूमि का नियमानुसार मुआवजा सभी प्रभावित किसानों को उपलब्ध कराने की मांग की गई। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पटमदा में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता केरकेट्टा को पुनः पदस्थापित करने का आग्रह किया गया, ताकि पटमदा-बोड़ाम की 27 पंचायतों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इसके अलावा जिले में बढ़ते मलेरिया के प्रकोप को देखते हुए प्रभावित गांवों में निःशुल्क कीटनाशक-युक्त मच्छरदानी वितरण, स्वास्थ्य जांच शिविर, फॉगिंग, दवा छिड़काव एवं पर्याप्त जांच किट और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित बामनी–गोबरघूसी–सारी तथा जाल्ला (पटमदा डिग्री कॉलेज) से षाड़ंगीडीह, जामबनी, आगुईडागरा, तिलाबनी, माहलीपाड़ा होते हुए कमलपुर तक बनी सड़कों में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई एवं गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण की मांग की गई। इसके अतिरिक्त गोबरघूसी पंचायत के बाटालुका सहित सुदूरवर्ती क्षेत्रों में बीएसएनएल एवं अन्य मोबाइल नेटवर्क की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का भी अनुरोध किया गया।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उपायुक्त ने सभी मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय की गंभीरता से समीक्षा कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा संबंधित विभागों से प्रतिवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि ये सभी मुद्दे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के दैनिक जीवन, स्वास्थ्य, आवागमन, संचार एवं आजीविका से जुड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई। वहीं, प्रभावित ग्रामीणों ने भी उम्मीद व्यक्त की कि प्रशासन के सकारात्मक हस्तक्षेप से लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

Share This Article