पुआल से सजेगा ग्रामीण थीम का दुर्गा पूजा पंडाल, मिनी मेले और आकर्षक लाइटिंग का रहेगा आकर्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुआल से सजेगा ग्रामीण थीम का दुर्गा पूजा पंडाल, मिनी मेले और आकर्षक लाइटिंग का रहेगा आकर्षण

जमशेदपुर, 29 सितंबर : बिरसानगर जोन नंबर-3 स्थित सरकारी कुआं मैदान में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा कमिटी की ओर से इस वर्ष ग्रामीण परिवेश की थीम पर पुआल से आकर्षक पूजा पंडाल तैयार कराया जा रहा है। पंडाल के साथ भव्य लाइटिंग और मिनी मेले की भी व्यवस्था की जा रही है, जो पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

पूजा कमिटी के सचिव परिमल दत्ता ने बताया कि सरकारी कुआं मैदान में वर्ष 1996 से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। शुरुआती दौर से ही उनके पिता, चाचा और परिवार के अन्य वरिष्ठ सदस्य पूजा आयोजन से जुड़े रहे हैं। पिछले 10-15 वर्षों से नई पीढ़ी के सदस्य भी पूजा की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पंडाल को ग्रामीण परिवेश का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। पंडाल निर्माण में पुआल का विशेष इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे इसे पारंपरिक और अलग रूप दिया जा सके। बंगाल से आए कारीगर पिछले करीब 10-15 दिनों से पंडाल निर्माण में जुटे हुए हैं।

परिमल दत्ता के अनुसार, पूजा की तैयारियां करीब एक महीने पहले से शुरू कर दी गई हैं। कमिटी के सदस्य चंदा संग्रह से लेकर पंडाल निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। पूजा के दौरान पंडाल परिसर में आकर्षक लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

इसके अलावा श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मिनी मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल और मनोरंजन की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है। कमिटी के सदस्य दुर्गा पूजा को व्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हैं।

Share This Article