पूर्वी सिंहभूम के सभी मतदान केंद्रों पर लगा ‘एक और अवसर कैंप’, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

धातकीडीह और परसुडीह में प्रपत्र-6 की सुपर चेकिंग, नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी वाले मतदाताओं के दस्तावेजों का भी हुआ सत्यापन

जमशेदपुर, 18 नवंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इन शिविरों में नए मतदाताओं का नाम जोड़ने और मतदाता सूची में आवश्यक सुधार के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जेएच तारापोर स्कूल, धातकीडीह और राजेंद्र बालिका मध्य विद्यालय, परसुडीह स्थित मतदान केंद्रों पर आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त प्रपत्र-6 की सुपर चेकिंग की। साथ ही SIR के दौरान नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी समेत अन्य श्रेणियों में चिह्नित मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आवेदन एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच करते हुए पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, निर्धारित प्रक्रिया और अभिलेखों के संधारण का जायजा लिया। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) मौजूद रहे।

शिविर में विशेष रूप से उन पात्र नागरिकों से आवेदन लिए गए, जिनके नाम किसी कारणवश एएसडीडी सूची में चिह्नित किए गए थे। इसके अलावा दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद उपस्थित होने में कठिनाई का सामना करने वाले नागरिकों तथा एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे युवाओं को भी नामांकन का अवसर दिया गया, जिन्होंने अब तक मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण नहीं कराया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के साथ सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर मिलना चाहिए।

Share This Article