नगर निकाय चुनाव 2026 : मतगणना कर्मियों को दिया गया प्रथम चरण का प्रशिक्षण

सरायकेला, 20 फरवरी : नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 के तहत आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद एवं सरायकेला नगर पंचायत के लिए प्रतिनियुक्त मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर, मतगणना पर्यवेक्षक एवं मतगणना सहायकों का जिला स्तरीय प्रथम चरण प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम नृपराज उच्च विद्यालय, सरायकेला में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में मतगणना कर्मियों को उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा अपेक्षित अनुशासन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतगणना प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से संचालित की जानी है तथा प्रत्येक चरण का सावधानीपूर्वक अनुपालन अनिवार्य होगा।
मतगणना कक्ष की संरचना, टेबलों की संख्या एवं व्यवस्था, आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता तथा समुचित विन्यास के संबंध में भी विस्तार से बताया गया, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। सत्र में मतपेटी खोलने की निर्धारित प्रक्रिया, सीलों का सत्यापन, अभिलेखों का मिलान एवं मतपत्रों की क्रमबद्ध गणना की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
इसके साथ ही वैध एवं अवैध मतपत्रों के परीक्षण की प्रक्रिया समझाई गई तथा यह स्पष्ट किया गया कि किन परिस्थितियों में मतपत्र अस्वीकृत किए जा सकते हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि मतगणना कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता एवं शुचिता अक्षुण्ण बनी रहे।



