

एसआईआर को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने की समीक्षा, बोले- कोई योग्य मतदाता न छूटे, अयोग्य का नाम भी न जुड़े
जमशेदपुर, 20 अगस्त : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर सिंहभूम (कोल्हान) के प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन, ईआरओ, एईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में SIR-2026 के तहत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति और आगामी गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन पांच अगस्त को किया जा चुका है। इसके बाद पांच अगस्त से 15 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त की जा रही है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।


प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहे। वहीं किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन कर उनका समय पर निष्पादन किया जाए। पात्र मतदाताओं को पुनरीक्षण की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ त्रुटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दूर करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।





बैठक में SIR के तहत घर-घर भ्रमण, एन्यूमरेशन फॉर्म से जुड़े कार्य, ASDD सूची के सत्यापन तथा दावे-आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग और समन्वय की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।
बूथों का किया भौतिक निरीक्षण
बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय, गोलमुरी और इनकैब केरला पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल पदाधिकारियों से मतदाता सत्यापन, पात्र नागरिकों के पंजीकरण, मतदाता सूची की शुद्धता और घर-घर संपर्क अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
मौके पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए SIR की प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने को कहा।

























