अवैध बालू खनन पर प्रशासन की कार्रवाई तेज, एक वाहन जब्त

सरायकेला/चांडिल, 01 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती जारी है। उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश के आलोक में शुक्रवार को जिला खनन विभाग की टीम ने औचक छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई सरायकेला थाना क्षेत्र के नया पुलिया और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गौरी—सापड़ा समेत विभिन्न स्थानों पर की गई।

इस अभियान के दौरान स्वर्णरेखा नदी के गौरी घाट से एक अवैध बालू लदे 407 वाहन को जब्त किया गया। जब्ती के बाद उक्त वाहन को आदित्यपुर थाना के हवाले कर दिया गया है। मामले में अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
खनन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह अभियान उपायुक्त के आदेश पर चलाया गया, ताकि जिले में जारी अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। टीम ने कई अन्य स्थानों पर भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
ईचागढ़ क्षेत्र बना अवैध खनन का गढ़
इस बीच ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन बदस्तूर जारी है। ग्रामीण इलाकों में नदी किनारे से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का खनन किया जा रहा है, जिसे बिना वैध चालान और पर्यावरणीय स्वीकृति के ट्रैक्टरों और हाइवा ट्रकों के माध्यम से अन्य क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू माफियाओं का एक मजबूत नेटवर्क यहां सक्रिय है, जो रात के अंधेरे में बेधड़क खनन करते हैं। इससे न केवल राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ रहा है।
प्रशासन की मुस्तैदी बनी उम्मीद की किरण
खनन विभाग द्वारा की गई हालिया कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है। आम जनता को उम्मीद है कि प्रशासन आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाइयों को और तेज करेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध खनन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या नजदीकी थाना को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



