तेलाई के पास हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई जिंदगी की रफ्तार
राजनगर, 23 जून : हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक 407 वाहन मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग के लिए काल साबित हुई। राजनगर थाना क्षेत्र के तेलाई के समीप हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 63 वर्षीय लक्ष्मण चाम्पिया की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ासा गांव निवासी लक्ष्मण चाम्पिया अपनी माएस्ट्रो स्कूटी (JH05AS1471) से कहीं जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेलाई के पास उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी 407 वाहन से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी पुत्री का विवाह हो चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर अनियंत्रित तरीके से वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिए जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।