चांडिल-मुरी दोहरीकरण और चांडिल-अनारा-बर्नपुर चौथी रेल लाइन को मिला विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा, झारखंड को मिलेगा बड़ा लाभ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल-मुरी दोहरीकरण और चांडिल-अनारा-बर्नपुर चौथी रेल लाइन को मिला विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा, झारखंड को मिलेगा बड़ा लाभ

चांडिल, 01 जुलाई : झारखंड के रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने चांडिल (गुंडाबिहार)-मुरी दोहरीकरण (59.49 किमी) तथा चांडिल-अनारा-बर्नपुर (दामोदर तक) चौथी रेल लाइन (115.36 किमी) परियोजनाओं को विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा प्रदान किया है।

इस निर्णय से दक्षिण-पूर्व रेलवे के अत्यंत व्यस्त रेल मार्गों की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ट्रेनों की गति और समयबद्धता में सुधार होगा, वहीं यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, तेज और सुचारु हो सकेगा। इसके साथ ही क्षेत्र में बढ़ते रेल यातायात के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।

विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा मिलने से झारखंड में रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, माल परिवहन अधिक सुगम होगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना राज्य के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

इस महत्वपूर्ण निर्णय पर भाजपा नेता एवं रेलवे की डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (DRUCC) के सदस्य दिवाकर सिंह ने खुशी जताते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रति आभार व्यक्त किया।

दिवाकर सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं को विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा मिलना पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे न केवल रेल सेवाओं का विस्तार होगा, बल्कि उद्योग, व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना आने वाले समय में झारखंड के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Share This Article