घर बैठे जिला प्रशासन तक पहुंचेगी जनता की शिकायत, शुरू हुई ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp सेवा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

8580090001 नंबर या QR कोड से दर्ज होगी शिकायत, SMS से मिलेगी कार्रवाई की जानकारी

जमशेदपुर, 15 सितंबर : जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण की दिशा में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। जिला प्रशासन की ओर से ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया गया है। अब नागरिक अपने मोबाइल फोन से घर बैठे जिला प्रशासन तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे।

समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने इस सेवा को लॉन्च किया। मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा और अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी मौजूद रहे।

WhatsApp पर दर्ज होगी शिकायत

‘अबुआ मित्र’ के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के लिए नागरिक 8580090001 WhatsApp नंबर पर संपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा QR कोड स्कैन कर भी सेवा तक पहुंच बनाई जा सकेगी। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर समस्या से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जरूरत पड़ने पर शिकायत से संबंधित दस्तावेज भी WhatsApp के माध्यम से उपलब्ध कराने की सुविधा होगी।

WhatsApp के जरिए प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता पोर्टल jansahayatajsr.in पर दर्ज किया जाएगा। शिकायत की प्रकृति के आधार पर उसे संबंधित विभाग, कार्यालय अथवा सक्षम प्राधिकारी के पास कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद शिकायत के अनुश्रवण और फॉलोअप की प्रक्रिया भी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

SMS से मिलेगी शिकायत की स्थिति

शिकायतकर्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से शिकायत की स्थिति और प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोगों को अपनी शिकायत का हाल जानने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों के नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। WhatsApp जैसी सहज माध्यम के जरिए लोग अपने घर से ही प्रशासन तक अपनी समस्याएं पहुंचा सकेंगे।

उपायुक्त राजीव रंजन ने नागरिकों से ‘अबुआ मित्र’ सेवा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिकायत निवारण व्यवस्था को सरल, सुलभ, पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाना है।

Share This Article