कुरूकतोपा में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया सोहराय पर्व,मांदर की थाप पर जमकर किया नृत्य

चांडिल,29 अक्टूबर : अनुमंडल क्षेत्र के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत बांदु पंचायत के संथाल बहुल गांव कुरूकतोपा में पारंपरिक सोहराय पर्व हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उमंग के साथ मनाया गया। गांव में सुबह से ही उत्सव का माहौल था, लोग पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे हुए थे, वहीं गांव की गलियाँ फूलों और रंगोली से सुसज्जित कर दी गईं थीं।

विधिवत रूप से पूजा अर्चना की शुरुआत गांव के नायके बाबा डापटा मुर्मू द्वारा पूजा-अर्चना से की गई, उन्होंने पशुधन, फसलों और प्रकृति की समृद्धि की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की। पूजा के पश्चात ढोल और मांदर की थाप गूंज उठी, और महिलाएं व पुरुष पारंपरिक संथाली गीतों की धुन पर थिरकने लगे। ग्रामीणों के चेहरों पर उल्लास और आपसी एकता की झलक स्पष्ट नजर आ रही थी।

कुरूकतोपा गांव में इस पर्व के दौरान जोश और एकता का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जिसने यह साबित कर दिया कि आधुनिकता के दौर में भी संथाल समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है।



