शहरबेड़ा छठ घाट हादसे पर चांडिल एसडीओ का बड़ा ऐलान — अब घाट पर होगा सख्त प्रतिबंध

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शहरबेड़ा छठ घाट हादसे पर चांडिल एसडीओ का बड़ा ऐलान — अब घाट पर होगा सख्त प्रतिबंध

चांडिल, 28 अक्टूबर : स्वर्णरेखा नदी के शहरबेड़ा छठ घाट पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन अब पूरी तरह से सख्ती के मूड में आ गया है। तीनों मृतकों के शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी विकास राय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

एसडीओ राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रशासन की ओर से पहले ही घाट के आसपास डेंजर जोन के बोर्ड लगाए गए थे, बावजूद इसके लोगों ने चेतावनी को अनदेखा किया। उन्होंने कहा कि “आदेशों का उल्लंघन कर श्रद्धालु डेंजर जोन में चले गए, जिससे यह दुःखद हादसा हुआ। अब ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा कि शहरबेड़ा घाट पर अब स्पष्ट और बड़े आकार में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि किसी को भी खतरे वाले क्षेत्र में जाने की अनुमति न हो। साथ ही, इस घाट पर भविष्य में किसी भी प्रकार के पूजा-अनुष्ठान या धार्मिक आयोजन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा।

एसडीओ विकास राय ने स्पष्ट कहा कि जन-जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए प्रशासन अब ऐसे स्थलों पर सुरक्षा के सख्त प्रावधान लागू करेगा और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।

Share This Article