नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया आवश्यक निर्देश

सरायकेला, 21 फरवरी : आगामी 23 फरवरी 2026 को निर्धारित नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने चुनाव ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी। चुनाव के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, अवैध गतिविधि या शांति भंग करने के प्रयास पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।
ब्रीफिंग के दौरान क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था सुदृढ़ रखने, चेकिंग अभियान चलाने तथा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।



