अयोध्या राम मंदिर दर्शन करने गए ATS जवान के बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों रुपये आभूषण व नकदी पर किया हाथ साफ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अयोध्या राम मंदिर दर्शन करने गए ATS जवान के बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों रुपये आभूषण व नकदी पर किया हाथ साफ

रांची, 25 जुलाई : जिले के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना जमुना नगर रोड संख्या-3 की है, जहां ATS में तैनात जवान कमलेश कुमार अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए हुए थे। घर कई दिनों से बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आज शनिवार सुबह जब आसपास के लोगों की नजर कमलेश कुमार के घर पर पड़ी तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ देखा। दरवाजा खुला देख लोगों को चोरी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर की जांच की। घटना की जांच में जुटी पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके के लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

लगातार बंद घरों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share This Article