अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर कुकडू हाट तोला में विकलांग संरक्षण समिति का वार्षिक सम्मेलन संपन्न

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर कुकडू हाट तोला में विकलांग संरक्षण समिति का वार्षिक सम्मेलन संपन्न

– 500 दिव्यांगों के बीच हरेलाल महतो ने कंबल वितरण किया

कुकडू, 3 दिसंबर : अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर बुधवार को कुकडू हाट तोला में विकलांग संरक्षण समिति द्वारा वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो शामिल हुए।

दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग : हरेलाल

मुख्य अतिथि हरेलाल महतो ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज की शक्ति हैं, किंतु झारखंड सरकार द्वारा उन्हें पर्याप्त सुविधा और सम्मान नहीं दिया जा रहा है, जो निराशाजनक है।

उन्होंने कहा कि एक सामान्य व्यक्ति की तुलना में दिव्यांगजन अधिक सुरक्षा, सुविधा और सहयोग के हकदार हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से आग्रह किया कि वे स्वयं को कभी भी कम न समझें, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति एवं संकल्प के साथ आगे बढ़ें, क्योंकि वे समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।

हरेलाल महतो ने राज्य सरकार से दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग भी रखी। मौके पर अशोक साव उर्फ माझी साव ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनका संरक्षण करना सभी का कर्तव्य है। समाज को दिव्यांगजनों की क्षमता को सम्मान देना चाहिए।

500 दिव्यांगों के बीच कंबल वितरण

अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में हरेलाल महतो ने लगभग 500 दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए।

बढ़ती ठंड को देखते हुए उन्होंने निजी स्तर पर कंबलों की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में दिव्यांगजन सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करते हैं, इसलिए उन्हें राहत देने के लिए कंबल वितरण किया गया।

इस अवसर पर समिति की ओर से मुख्यमंत्री के नाम अंचलाधिकारी के माध्यम से मांगपत्र भी सौंपा गया। कार्यक्रम में शामिल लोग कुकड़ू हाट तोला से प्रखंड कार्यालय तक पैदल पहुंचे और मांग पत्र सौंपा। सम्मेलन में समिति के अध्यक्ष अरुनेन्द्र नारायण सिन्हा, पूर्व शिक्षक वैद्यनाथ महतो, आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो, बादल महतो, सुनील महतो, बांकीम महतो और कृष्णा पोद्दार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article