ऐतिहासिक जीत के बाद रांची दरबार में मानगो की गूंज: मेयर सुधा गुप्ता की मुख्यमंत्री से मुलाकात, विकास को मिली रफ्तार

जमशेदपुर /रांची, 02 मार्च : मानगो नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक विजय के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात राजनीतिक सौहार्द, विकास की प्रतिबद्धता और मानगो के उज्ज्वल भविष्य का संदेश लेकर आई।
इस अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन को पुष्पगुच्छ भेंट कर मानगो की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। प्रचंड जीत के बाद विधायक कल्पना सोरेन ने मेयर सुधा गुप्ता एवं बन्ना गुप्ता का मुंह मीठा कराकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत मानगो की जागरूक जनता, माताओं-बहनों, युवाओं और वरिष्ठजनों के विश्वास व समर्थन की जीत है। उन्होंने इसे सेवा और जिम्मेदारी का अवसर बताते हुए जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मेयर को जीत की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार नगर निकायों के सशक्तिकरण और शहरी विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने मानगो के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मेयर सुधा गुप्ता ने इस दौरान मानगो क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं—विशेषकर पेयजल संकट और कचरा निस्तारण व्यवस्था को विस्तार से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा तथा त्वरित क्रियान्वयन के लिए सहयोग का आग्रह किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि “सुरक्षित, स्वच्छ, समृद्ध और विकसित मानगो” उनका लक्ष्य है और राज्य सरकार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से विकास कार्यों को तीव्र गति दी जाएगी।
इस मुलाकात को मानगो के विकास के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक समन्वय और प्रशासनिक प्रतिबद्धता के साथ अब मानगो में विकास की नई इबारत लिखे जाने की उम्मीदें और प्रबल हो गई हैं।



