SIR-2026: कम फॉर्म-6 प्रविष्टि वाले मतदान केंद्रों की समीक्षा, पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने का निर्देश
जमशेदपुर, 11 सितंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 के तहत कम संख्या में फॉर्म-6 प्रविष्टि वाले मतदान केंद्रों की जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने समीक्षा की। समाहरणालय में आयोजित बैठक में 45-घाटशिला, 46-पोटका और 47-जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के संबंधित मतदान केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान उन मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां फॉर्म-6 की प्रविष्टियां एक से पांच तथा छह से दस के बीच हैं। उपायुक्त ने मतदान केंद्रवार फॉर्म-6 की स्थिति, प्राप्त आवेदनों और मतदाताओं से संपर्क की जानकारी संबंधित बीएलओ, सुपरवाइजर, ऑपरेटर, एईआरओ एवं ईआरओ से ली।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि संबंधित मतदान केंद्रों पर पात्र नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया।
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों की जांच एवं आगे की प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि SIR-2026 के तहत पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी सक्रियता से कार्य करें। प्रत्येक मतदान केंद्र की स्थिति की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



