धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित कर मनाया गया झारखंड स्थापना दिवस

चाईबासा, 15 नवंबर : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला मैं कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय चाईबासा के बस स्टैंड चौक पर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सह परिवहन विभाग झारखंड के मंत्री दीपक बिरुवा एवं जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा आदि ने माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर उपस्थित चाईबासा सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, चाईबासा नगर परिषद के पदाधिकारी, परिचारी प्रवर, स्थानीय थाना प्रभारी, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि आदि के द्वारा भी “धरती आबा” की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।
मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य गठन का 25 वर्ष पूरा हो रहा है। 25 वर्ष की आयु एक युवा अवस्था होती है, इस नाते हम सभी के ऊपर एक जिम्मेदारी भी आती है। जिस उद्देश्य को लेकर राज्य सरकार विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है, उसे निरंतर जारी रखना है। राज्य सरकार झारखंड के निवासियों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। इस दौरान मंत्री एवं उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त आदि के द्वारा राज्यवासियों को झारखंड राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।



