सरायकेला, 03 जुलाई : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र-51 के मतदान केंद्र संख्या 351 एवं 352 का निरीक्षण कर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे प्रपत्र वितरण, संग्रहण, दस्तावेज सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से अभियान पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और समावेशी बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाना, उसका सत्यापन करना और सभी प्रपत्रों का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर सभी योग्य मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाया जाए तथा प्राप्त सभी आवेदनों और दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिना वैधानिक कारण किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए तथा पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की दैनिक समीक्षा करने, क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) भी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और सत्यापन कार्य की निगरानी कर रहे हैं, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का लक्ष्य समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार, संबंधित बीएलओ तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।