

चांडिल, 03 जुलाई: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूबराजपुर के समीप शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में एक आईटीआई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान चांडिल निवासी सुंदर कालिंदी (पिता- कार्तिक कालिंदी) के रूप में हुई है, जो चांडिल आईटीआई का छात्र है।
जानकारी के अनुसार, सुंदर कालिंदी को एक अज्ञात ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा युवा जिला मंत्री आकाश महतो तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए अपने निजी वाहन से घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांडिल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना के बाद अज्ञात ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


























