स्कूटी पर लदी अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार – ईचागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद
सरायकेला-खरसावां, 14 सितम्बर : ईचागढ़ पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए शनिवार देर शाम एक युवक को स्कूटी सहित धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां को गुप्त सूचना मिली थी कि रांगामाटी–सिल्ली मुख्य सड़क मार्ग से शराब की अवैध ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पाण्डेय के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया और ग्राम रुगड़ी के पास एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी से अंग्रेजी शराब से भरे बोरे बरामद हुए।
बरामद शराब में – मेकडोवेल कम्पनी का 180 एमएल का 12 बोतल, मेकडोवेल कम्पनी का 375 एमएल का 6 बोतल, आईकोनिक व्हाइट कम्पनी का 180 एमएल का 12 बोतल, आईकोनिक व्हाइट कम्पनी का 375 एमएल का 6 बोतल तथा डिक्की से मेकडोवेल कम्पनी का 180 एमएल का कुल 24 बोतल शामिल है।
पुलिस ने बताया कि कुल 60 बोतल अंग्रेजी शराब स्कूटी (नं. JH 01 FA 1694) से बरामद की गई। वहीं, पकड़े गए युवक की पहचान बुधराम महली (उम्र 30 वर्ष), पिता हरिपद महली, अजयगढ़, थाना सिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी विक्रमादित्य पाण्डेय, हवलदार राजेश कुमार और चौकीदार ठाकुर दास तांती शामिल थे।