बदस्तूर जारी है जंगली हाथियों का उत्पात ,पांच घरों को बनाया निशाना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बदस्तूर जारी है जंगली हाथियों का उत्पात ,पांच घरों को बनाया निशाना

नीमडीह, 22 जुलाई : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात बदस्तूर जारी है। जंगली हाथियों का झुंड कभी मकान को तो कभी खेत में लगे फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा कभी हाथियों के मौत के मामले में तो कभी हाथियों के द्वारा लोगों को मारने की घटना को लेकर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र सुर्खियों में रहता है। अब हाथियों का झुंड मकान और खेत में लगी फसल को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा घटना में नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में दो की संख्या में जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं और लगातार अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। नीमडीह प्रखंड क्षेत्र के हेवेन, सीमा और गुंडा गांव में दो जंगली हाथियों ने सोमवार की देर रात जमकर उत्पात मचाया। जंगली हाथियों ने पांच घरों को तोड़कर घर में रखे अनाज को अपना आहार बनाया। इसके अलावे हाथियों ने खेतों में लगी धान के बिचड़ा को भी नुकसान पहुंचाया।धान के बिचड़ा के नुकसान होने से किसान काफी चिंतित है।

वहीं दूसरी ओर हाथियों ने चांडिल प्रखंड के रसूनिया में खेत में लगी धान के फसलों को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के उत्पात से वे लोग डरे-सहमे है। लगातार हुई भारी बारिश के बाद अब किसान खेती का कार्य शुरू कर रहे हैं। शुरुआती दौर में ही जंगली हाथियों का उत्पादन किसानों का मनोबल तोड़ने का काम कर रहा है। किसान खेतों में धान का बिचड़ा लगाने से भी डर रहे है।

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग हाथियों से सुरक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है। वहीं, वन विभाग की ओर से बताया कि हाथियों को भागने के लिए हाथी रोधक टीम को लगाया गया है।

Share This Article