टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा का निधन

उद्योग जगत में शोक – झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने व्यक्त की संवेदना
जमशेदपुर, 07 दिसंबर : टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा का शनिवार को अचानक निधन हो गया। घर पर तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके अचानक निधन की खबर से उद्योग जगत और शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
ऋतुराज सिन्हा टाटा स्टील यूआईएसएल में अपनी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और सौम्य व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उनके जाने से कंपनी और उद्योग जगत को बड़ी क्षति हुई है।
दुःख प्रकट करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि यह खबर बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली है। उन्होंने कहा, “यह पूरे उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरे लिये वे एक बड़े भाई जैसे थे। परसों ही बातचीत हुई थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति दे।”
ऋतुराज सिन्हा के निधन से टाटा समूह से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों सहित सामाजिक एवं औद्योगिक क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।



