“सेवा का अधिकार सप्ताह” को लेकर पंचायतों में चला जागरूकता अभियान, नुक्कड़-नाटक और गीत-संगीत से ग्रामीण हुए लाभान्वित

सरायकेला, 22 नवंबर : सरायकेला–खरसावाँ जिले में 21 से 29 नवंबर 2025 तक मनाए जा रहे “सेवा का अधिकार सप्ताह” को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों का मकसद ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से जानकारी उपलब्ध कराना था।
अभियान के तहत कलाकारों की टोली ने नुक्कड़-नाटक, गीत-संगीत और संवाद आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रमों में बताया गया कि पंचायत स्तरीय शिविरों में जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े आवेदन तथा वर्ष 2011 में सूचीबद्ध अन्य सेवाएँ एक ही मंच से त्वरित रूप में उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कलाकारों ने ग्रामीणों को यह संदेश दिया कि शिविरों का उद्देश्य आमजन को समय पर, सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएँ प्रदान करना है। इसके साथ ही लोगों को अपने नजदीकी पंचायत शिविर में पहुँचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अपने परिवार और समुदाय के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
जागरूकता कार्यक्रमों में स्थानीय ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली, जिससे जिले में “सेवा का अधिकार सप्ताह” को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।



