दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में दिखा सुधार, फ्लाईओवर उद्घाटन पर झामुमो-भाजपा में जुबानी जंग

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में दिखा सुधार, फ्लाईओवर उद्घाटन पर झामुमो-भाजपा में जुबानी जंग

रांची, 03 जुलाई : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं। वे 19 जून से दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. ए.के. भल्ला की निगरानी में उनका इलाज जारी है। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने बताया कि दवाओं के साथ-साथ पूरे राज्य में हो रही प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समस्त राज्यवासियों की उम्मीद है कि दिशोम गुरु जल्द स्वस्थ होकर रांची लौटेंगे।

 

इधर, राजधानी रांची में एनएच-75 पर बने एलिवेटेड फ्लाईओवर के उद्घाटन को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। झामुमो ने इसे लेकर भाजपा पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं इस फ्लाईओवर के उद्घाटन में शामिल होना चाहते थे और इसी कारण उन्होंने उद्घाटन तिथि को कुछ समय के लिए टालने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि जब राज्य निर्माता शिबू सोरेन अस्पताल में भर्ती हैं, तब ऐसे समय में इस तरह का लोकार्पण कार्यक्रम उचित नहीं था। उन्होंने भाजपा नेताओं पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भीतर संवेदना नाम की कोई चीज नहीं बची है।

 

भाजपा ने झामुमो के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि झामुमो हर विषय को राजनीतिक दृष्टिकोण से देखती है और अनर्गल आरोप लगाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती है। उन्होंने कहा कि गुरुजी हमेशा विकास कार्यों के पक्षधर रहे हैं और यही उनकी भी इच्छा होगी कि फ्लाईओवर जैसे सार्वजनिक उपयोग के प्रोजेक्ट को समय पर जनता को समर्पित किया जाए।

 

इस बीच राज्यभर में शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए धार्मिक स्थलों पर पूजा-पाठ, प्रार्थना और दुआओं का दौर जारी है। मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, दरगाहों और सरना स्थलों पर उनके लिए विशेष प्रार्थनाएं की जा रही हैं।

 

फिलहाल शिबू सोरेन की देखरेख में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और पूर्व मंत्री बसंत सोरेन सहित कई पारिवारिक सदस्य दिल्ली में मौजूद हैं।

Share This Article