हाई स्कूल का दर्जा मिला, लेकिन शिक्षक और क्लासरूम नहीं – बरामदे में पढ़ने को मजबूर बच्चे

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बाड़ेदा उत्क्रमित उच्च विद्यालय में 10 कक्षाओं की जिम्मेदारी महज छह शिक्षकों पर, एक कमरे में दो-दो कक्षाओं का हो रहा संचालन

नीमडीह, 18 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत बाड़ेदा पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाड़ेदा में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली सामने आई है। सरकार ने विद्यालय को मध्य विद्यालय से उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय का दर्जा तो दे दिया, लेकिन इसके अनुरूप शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई। आलम यह है कि कक्षा एक से दसवीं तक संचालित इस विद्यालय में महज छह शिक्षक हैं। वहीं, पर्याप्त क्लासरूम नहीं होने के कारण बच्चों को बरामदे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।

विद्यालय में शिक्षकों की कमी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दस कक्षाओं के विद्यार्थियों की पढ़ाई की जिम्मेदारी केवल छह शिक्षकों पर है। ऐसे में सभी कक्षाओं का नियमित और व्यवस्थित संचालन करना शिक्षकों के लिए चुनौती बना हुआ है। वहीं, कमरों की कमी के कारण एक ही क्लासरूम में दो-दो कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जाता है। इस दौरान शिक्षक एक कक्षा को पढ़ाते हैं, जबकि दूसरी कक्षा के बच्चों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।

क्लासरूम की कमी के कारण कई बच्चों को स्कूल के बरामदे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। बारिश और तेज धूप के दौरान विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ जाती है। विद्यालय की इस स्थिति से अभिभावक भी चिंतित हैं। उन्हें अपने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर चिंता सता रही है।

विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि सीमित संसाधनों और शिक्षकों की कमी के बीच सभी कक्षाओं का संचालन करना काफी चुनौतीपूर्ण है। वहीं, ग्रामीणों और अभिभावकों का सवाल है कि जब विद्यालय को उच्च विद्यालय का दर्जा दिया गया है, तो उसके अनुरूप शिक्षकों और भवन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

ग्रामीणों की मांग है कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए तथा अतिरिक्त क्लासरूम का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और बाड़ेदा के विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं कब तक उपलब्ध कराई जाती हैं।

Share This Article