नशा मुक्ति अभियान को मिली जनभागीदारी की ताकत, जिलेभर में निकली जागरूकता रैलियां

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 18 जून : सरायकेला-खरसावां जिले में नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से गुरुवार को सभी प्रखंडों में जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों, ग्राम संगठन के प्रतिनिधियों, जेंडर सीआरपी, पंचायत समिति सदस्यों, वार्ड सदस्यों एवं अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैलियों के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बड़ी बाधा बनता है।

अभियान के तहत विभिन्न गांवों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। वहीं जागरूकता वाहन के जरिए भी नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

इस दौरान लोगों को नशे से दूर रहने, अपने गांव और समुदाय को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को मादक पदार्थों से बचाने की शपथ दिलाई गई। प्रशासन ने आमजनों से अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की सूचना संबंधित विभागों को देने की अपील करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Share This Article