ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी आयुष चिकित्सा की सुविधा, डीसी ने दिए विशेष स्वास्थ्य शिविर बढ़ाने के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी आयुष चिकित्सा की सुविधा, डीसी ने दिए विशेष स्वास्थ्य शिविर बढ़ाने के निर्देश

जमशेदपुर, 09 सितंबर : समाहरणालय में बुधवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आयुष सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में ऑस्टियोअर्थराइटिस कैंप, वयोमित्र कैंप, आयुर्विद्या करुणा, आयुष ग्राम तथा आदिम जनजातीय समुदाय के बीच मासिक स्वच्छता कार्यक्रम समेत विभिन्न आयुष आधारित स्वास्थ्य योजनाओं पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने राज्य से प्राप्त राशि के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर सभी प्रखंडों और विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। शिविरों में बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को आयुष चिकित्सा, योग, स्वस्थ जीवनशैली और खान-पान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

जल्द शुरू होगा 50 बेड का धनवंतरी आयुष अस्पताल

बैठक में कदमा स्थित नवनिर्मित 50 शय्यायुक्त धनवंतरी आयुष अस्पताल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अस्पताल में विद्युत कनेक्शन समेत अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने और इसे जल्द आमजनों के लिए शुरू करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और आदिम जनजातीय समुदाय के बीच विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने को प्राथमिकता देने की बात कही। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श, आयुष सेवाओं के साथ स्वच्छता, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

बैठक में डीडीसी नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article