पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का शिलापट्ट तोड़े जाने पर बवाल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानगो थाना में दर्ज कराया मुकदमा

जमशेदपुर /मानगो, 3 जनवरी : पोस्ट ऑफिस रोड से नजरिया स्कूल होते हुए गुरुद्वारा रोड को जोड़ने वाली सड़क के शिलापट्ट को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। उक्त सड़क का निर्माण पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा कराया गया था तथा इसका उद्घाटन भी उनके कर-कमलों से हुआ था। शिलापट्ट में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का नाम एवं योजना का विवरण अंकित था, जिसे नजरिया स्कूल की दीवार पर लगाया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ता मानगो नगर निगम अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह गुड्डु के नेतृत्व में मानगो थाना पहुंचे और शिलापट्ट तोड़े जाने को लेकर अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के कार्यों पर हमला बताते हुए दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी कारण से सरकारी शिलापट्ट को तोड़ना कानूनन अपराध है और ऐसे कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में बलजीत सिंह, बलदेव सिंह, बंटी गिरी, कल्लू सिंह, अनिल सिंह, नौसाद, जयदेव शर्मा, जोगिंदर, शिशु गोप, गोपाल यादव, बमबम पांडेय, मानगो मंडल अध्यक्ष राकेश दास, सरफराज खान, सन्नी औरंग सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



